-भीषण सर्दी के बाद अचानक बढ़ा तापमान, सुबह-शाम गुलाबी ठंड तो दिन में चुभन का अहसास
संवाद न्यूज एजेंसी
इटावा। जिले में भीषण सर्दी और कोहरे के लंबे दौर के बाद अब मौसम ने करवट लेना शुरू कर दिया है। पिछले 24 घंटों में आसमान साफ होने और चटख धूप निकलने के कारण दिन के तापमान में दो डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। स्थिति यह है कि जो लोग कुछ दिन पहले तक भारी भरकम गर्म कपड़ों में लिपटे थे, अब उन्हें दोपहर की तेज धूप में पसीने आने लगे हैं।
पहाड़ों पर बर्फबारी थमने और पछुआ हवाओं की रफ्तार कम होने से मैदानी इलाकों में सूरज के तेवर तल्ख हो गए हैं। शनिवार को अधिकतम तापमान में एकाएक उछाल गया। शुक्रवार को जिले का अधिकतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के साथ ही न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जबकि शुक्रवार को अधिकतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। हालांकि, सूर्योदय के पहले और सूर्यास्त के बाद अभी भी हल्की ठंड का अहसास बना हुआ है। मौसम विशेषज्ञ डॉ. एसएन सुनील पांडे ने बताया कि आने वाले दिनों में पारा और तेजी से ऊपर जा सकता है। सर्दी का सितम अब अपने अंतिम चरण में है। फिलहाल बारिश की भी कोई संभावना नजर नहीं आ रही है। जिला अस्पताल के फिजीशियन डॉ. अजय शर्मा ने बताया कि तापमान में उतार-चढ़ाव के कारण सर्दी-जुकाम, वायरल फीवर और बदन दर्द के मरीज बढ़ रहे हैं। दोपहर की धूप से सीधे आकर ठंडा पानी पीने से बचें और खान-पान में सावधानी बरतें। वहीं कृषि विशेषज्ञ डॉ. देवेंद्र कुमार ने बताया कि
अचानक बढ़ती गर्मी ने गेहूं की फसल उगाने वाले किसानों के माथे पर चिंता की लकीरें खींच दी हैं। यदि तापमान में इसी तरह वृद्धि जारी रही, तो गेहूं की फसल समय से पहले पक सकती है, जिससे दाना पतला रह जाएगा।