फोटो: 23 आदर्श मार्केट की गली में पुलिया का मरम्मत कार्य करते मोहल्ले के लोग। स्रोत मोहल्लावासी
जसवंतनगर। कस्बे के नदी पुल से आगे आदर्श मार्केट को जाने वाली गली की पुलिया करीब एक माह से टूटी होने के बाद भी नगरपालिका ने मरम्मत नहीं कराई तो लोगों ने खुद ही पुलिया को बना लिया। बारिश के दौरान दुकानों में पानी भरने के बाद कचरा फंसने से पुलिया की जल निकासी रुकने पर नगर पालिका कर्मचारियों ने पुलिया को तोड़कर साफ किया था। इसके बाद से पुलिया को दोबारा नहीं बनवाया गया। कई बार पुलिया बनवाने की मांग किए जाने के बाद भी नगरपालिका सुनवाई नहीं कर रही थी।
कस्बे के लोगों ने बताया कि करीब एक माह से वह पुलिया की मरम्मत कराए जाने की मांग नगरपालिका से कर रहे हैं लेकिन इसके बाद भी अभी तक पुलिया की मरम्मत नहीं कराई गई। इसके चलते प्रतिदिन आने-जाने में बड़ी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। इस पर सोमवार शाम मोहल्लेवासियों ने खुद पुलिया बनाने का निर्णय लिया।
सचिन, भोला, प्रमोद, सूरज, अनिल, महानंद, बबलू, बंटी, लक्ष्मीनारायण, सुमित, नितिन और अभय समेत अन्य लोगों ने सीमेंट, गिट्टी और सरिया जुटाया और रातों-रात पुलिया की मरम्मत की। कस्बे के लोगों का कहना है कि नगरपालिका को इससे सीख लेनी चाहिए कि अगर पालिका चाहती तो कुछ समय में ही पुलिया ठीक हो सकती थी लेकिन पालिका लापरवाह बनी रही।