बारिश से प्रभावित आलू की फसल।
- फोटो : अमर उजाला
तेज बारिश से रबी की फसलें प्रभावित हुईं हैं। तेज हवाओं के कारण पकी फसलें गिर गईं। जिससे किसान चिंतित हैं। कृषि विशेषज्ञों के अनुसार गेहूं ओर सरसों की फसल गिरने से उसका दाना कमजोर होगा। फसल की उत्पादकता पर भी प्रभाव पड़ता है।
शुक्रवार सुबह तेज बारिश से सबसे ज्यादा नुकसान गेहूं, सरसों और अरहर की फसल को हुआ। वहीं रिमझिम बारिश से अरहर का फूल भी झड़ने की आशंका है। निबाड़ीकला के आसपास का किसान गेहूं की खेती पर आश्रित है। उनका कहना है कि बारिश से उनकी मेहनत पर पानी फिर सकता है। वहीं आलू व्यापारी अनमोल चंद्र के मुताबिक ज्यादा बारिश होने से खेतों में पड़ा आलू खराब हो जाएगा। बसरेहर प्रतिनिधि के अनुसार विकासखंड क्षेत्र में बारिश का खामियाजा किसानों को उठाना पड़ेगा। सैकड़ों एकड़ आलू की फसल मंदी की चपेट में आ गई है। रबी की फसलें जो खेतों में लहरा रही हैं, उनकी पैदावार भी प्रभावित हो सकती है। गेहूं और सरसों को नुकसान होगा। अकबरपुर, बसरेहर, किल्ली, चौबिया, बरालोकपुर, खुड़ीसर, खड़कोली, सिरसा, बहादुरपुर, केशौंपुरा, राहिन, बसगवां, पत्तापुरा आदि जगह किसानों ने दर्द बयां किया।