सैफई। पुलिस-प्रशासन और परिवहन विभाग की ओर से किए जा रहे लाख प्रयासों के बावजूद हाईवे पर सुरक्षित यातायात के मानक पूरे नहीं हो पा रहे हैं। जिले के अधिकांश ब्लैक स्पॉटों पर संकेतांक, रिफ्लेक्टर आदि लगवा दिए गए हैं। लेकिन अभी भी कई ऐसे स्थान हैं जहां रिफ्लेक्टर, चेतावनी बोर्ड नहीं लगे होने से कोहरे में हादसे हो सकते हैं।
मैनपुरी हाईवे पर सैफई क्षेत्र में सैफई चौराहा, वैदपुरा चौराहा और नगला बरी तिराहा कुछ माह पहले ब्लैक स्पॉट हुआ करते थे। पुलिस-प्रशासन और परिवहन विभाग के प्रयासों से नगला बरी तिराहा और सैफई चौराहे पर चेतावनी बोर्ड, ब्रेकर और सभी साइन बोर्ड लगवा दिए गए। इससे यहां हादसों में कमी भी आई है, लेकिन वैदपुरा चौराहे पर अभी भी ब्रेकर नहीं बने हैं। चौराहे पर डिवाइडरों पर बने दो रिफ्लेक्टर के बोर्ड में से भी एक खराब हो चुका है। वहीं सड़क किनारे सफेद पट्टी के पास बने रिफ्लेक्टर भी न लगे होने से आए दिन हादसे होते रहते हैं। कोहरे के दिनों में हादसों की संख्या बढ़ भी सकती है। एआरटीओ ब्रजेश यादव ने बताया कि वैदपुरा चौराहे पर सुरक्षित यातायात के मानक अभी तक पूरे क्यों नहीं किए गए। इस संबंध में संबंधित अधिकारियों से जानकारी की जाएगी। जल्द ही सभी मानक पूरे कर लिए जाएंगे।
केस 1
जिला औरैया निवासी अवनीश कुमार अपनी पत्नी सरिता के साथ 25 अक्तूबर 2023 को सुबह बाइक पर सवार होकर जा रहा था। तभी वैदपुरा चौराहा पर वैदपुरा गांव की तरफ से आ रही कार सवार ने टक्कर मार दी थी। इसमें दोनों ही घायल हो गए थे। जिन्हें 108 एंबुलेंस के माध्यम से अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
केस 2
जिला मैनपुरी के करहल निवासी वीरेंद्र 45 अपने पुत्र अवनीश (11) के साथ 28 मई 2023 को इटावा जा रहे थे। तभी सैफई गोल चौराहा के पास जसवंतनगर की तरफ से आ रहे अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी थी। इससे दोनों ही घायल हो गए थे। बाद परिजनों द्वारा आगरा के निजी अस्पताल में ले जाया गया था, जहां पर पुत्र की मौत हो गई थी।