क्षेत्र के ग्राम कैस्त में विवाहिता ने फांसी लगाकर जान दे दी। परिवारीजन सुबह जागे तो उसका शव कमरे में पंखे से साड़ी के फंदे पर लटक रहा था।
गांव निवासी राम प्रकाश जाटव के पुत्र बृजेश कुमार का विवाह 10 मई 2010 को ग्राम सरावा थाना भरथना के जाहर सिंह की पुत्री बेबी के साथ हुआ था। शनिवार की रात बेबी के सास-ससुर व वह खुद अपने बच्चों के साथ छत पर सो रहे थे।
सुबह पांच बजे बेबी छत पर नहीं दिखी तो उसके सास-ससुर नीचे उतरकर गए। कमरा अंदर से बंद था। काफी देर तक कुंडी खटखटाने के बाद जब कोई हलचल नहीं हुई तो खिड़की से झांककर देखा। बेबी का शव लटक रहा था। उसका पति ब्रजेश घर के बाहर सो रहा था। ब्रजेश के पांच वर्षीय पुत्री आरजू व तीन वर्षीय पुत्र मोहित है। घटना के बाद परिवार के सभी लोग जाग गए। आसपास के लोगों की मदद से दरवाजा तोड़ा गया।
मगर तब तक बेबी की मौत हो चुकी थी। बेबी के पिता जाहर ने बताया शादी के बाद से बेटी व दामाद खुशी से रह रहे थे। एक सप्ताह पूर्व उसकी पुत्री मायके आई थी। सूचना मिलने पर सीओ विजय बहादुर, प्रभारी निरीक्षक सुनील कुमार व चौकी इंचार्ज कुशल पाल मौके पर पहुंचे। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।