- मोतियाबिंद के ऑपरेशन और चश्मों की रिपोर्ट नहीं दे सके जिम्मेदार
- 50 शैया अस्पतालों में विजन सेंटर खोलने के दो साल पहले आदेश दिए थे
संवाद न्यूज एजेंसी
इटावा (बकेवर)। 50 शैया अस्पताल में विजन सेंटर कागजों में चल रहा है। इस बात की जानकारी तब हो सकी, जब सीएमओ से पत्र भेजकर अस्पताल के विजन सेंटर पर मोतियाबिंद के ऑपरेशन कराने और चश्में बांटने की जानकारी जुटाई गई। अस्पताल में तैनात नेत्र परीक्षण अधिकारी ने विजन सेंटर न होने की जानकारी दी है। इसके बाद से खलबली मच गई है।
शासन ने सीएचसी व 50 शैया अस्पतालों में विजन सेंटर खोलने के दो साल पहले आदेश दिए थे। इसके जिम्मेदारों की ओर से जसवंतनगर, भरथना सीएचसी और बकेवर के 50 शैया अस्पताल में विजन सेंटर संचालित करने का दावा भी कर दिया गया। इस संबंध में सीएमओ ने एक पत्र जारी करके 50 शैया अस्पताल के नेत्र परीक्षण अधिकारी से फरवरी तक मोतियाबिंद के ऑपरेशन कराने और चश्मे बांटने की संख्या के संबंध में जानकारी जुटाई।
अस्पताल से सभी 46 ऑपरेशन जिला अस्पताल में कराने की बात कही गई। इस पर सीएमओ ने नाराजगी जाहिर करते हुए स्पष्टीकरण तलब किया। नेत्र नेत्र परीक्षण अधिकारी अजय गौतम ने पत्र में बताया कि उन्हें सेंटर से जुड़ा कोई भी सामान नहीं मिला है। इस वजह से सामान उपलब्ध कराने के लिए दिसम्बर 2023 में पत्र भी मांगा गया था।
पर आज तक कोई सामान विजन सेंटर उपलब्ध नहीं कराया गया। विजन सेंटर के डीपीएम डॉ. बलराज से ने बताया कि तीन स्थानों बकेवर 50 शैया, भरथना, व जसवंतनगर सीएचसी पर विजन सेंटर चल रहे हैं। जहां जहां आवश्यकता है वहां खोले जाने हैं। उपकरण उपलब्ध कराने के लिए पत्र लिखा है।