इकदिल। गांव सराय जलाल में हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से छात्र की मौत के बाद बुधवार को ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा। परिजनों और ग्रामीणों ने बिजली विभाग की लापरवाही को लेकर बिजलीघर घेरने का प्रयास किया। हालांकि पुलिस प्रशासन और बिजली विभाग के अधिकारियों की सूझबूझ से आश्वासन के बाद मामला शांत हुआ।
मंगलवार को हुई घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने बुधवार सुबह एकत्र होकर बिजलीघर पहुंच प्रदर्शन किया। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी विक्रम सिंह चौहान पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। बिजली विभाग के उपखंड अधिकारी प्रेमचंद्र ने भी मौके पर पहुंचकर परिजनों से बात की। परिजनों ने मांग रखी कि गांव के ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की लाइन को तत्काल शिफ्ट किया जाए ताकि भविष्य में प्रियांशु जैसा हादसा किसी और के साथ न हो।
घेराव के दौरान परिजनों ने मृतक के परिवार के लिए आर्थिक मदद की भी मांग की। इस पर उपखंड अधिकारी ने बताया कि बिजली विभाग के उच्चाधिकारियों से वार्ता कर ली गई है। नियमों के तहत जो भी अधिकतम सहायता राशि संभव होगी वह जल्द से जल्द परिवार को दिलाई जाएगी। खतरनाक लाइन को शिफ्ट करने की प्रक्रिया को प्राथमिकता दी जाएगी।
बताया कि मकान का निर्माण होने की वजह हादसा हुआ है। घायलों को देखने के लिए जिला अस्पताल भी देखने गए थे। अधिकारियों के सकारात्मक रुख और लिखित आश्वासन के बाद ग्रामीण शांत हुए।थाना प्रभारी विक्रम सिंह चौहान ने भी परिजनों को निष्पक्ष कार्रवाई का भरोसा दिया।