बकेवर। युवक की आत्महत्या के मामले में ग्राम प्रधान संगठन और सांसद-विधायक आमने-सामने आ गए हैं। ग्राम प्रधान संगठन ने जहां एक ओर एसओ को ज्ञापन देकर प्रधान को फंसाए जाने की बात कहते हुए प्राथमिकी निरस्त करने की मांग की। वहीं, सांसद जितेंद्र दोहरे और भरथना विधायक राघवेंद्र गौतम ने एसएसपी से मिलकर युवक की मौत के मामले में निष्पक्ष जांच कराकर आरोपियों के खिलाफ जांच की मांग की है।
बता दें कि ग्राम पंचायत रमऊपुर परसौली के मजरा ग्राम परसौली में मंगलवार की रात विशेष यादव ने घर के अंदर फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली थी। परिजन ने ग्राम प्रधान व उसके भाइयों पर प्रताड़ना का आरोप लगने पर पुलिस ने प्रधान धर्मेंद्र यादव व उनके दो भाइयों समेत तीन लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की थी।
बृहस्पतिवार को महेवा ब्लॉक के प्रधान संगठन से जुड़े करीब 20 से अधिक ग्राम प्रधान व प्रधान प्रतिनिधि थाने पहुंचे। दीपक कुमार प्रधान टकरुपुर, विवेक यादव नगला कले, मनोज कुमार नदगवां, अरुण उपाध्याय प्रधान प्रतिनिधि कुड़रिया आदि ने प्रधान परसौली के धर्मेंद्र यादव के पक्ष में एक ज्ञापन थानाध्यक्ष बकेवर विपिन कुमार मलिक को दिया।
इसमें उन्होंने बताया कि ग्राम परसौली के मृतक युवक विशेष यादव से ग्राम प्रधान धर्मेंद्र का झगड़ा चल रहा था, जिसकी प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। सभी ने एसओ विपिन मलिक से निष्पक्ष जांच की मांग की है। उधर, सांसद जितेंद्र दोहरे और विधायक राघवेंद्र गौतम ने इस मामले में पीड़ित पक्ष को कमजोर बताते हुए आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।