बकेवर। जनता कॉलेज की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई की छात्रा विधि चौहान ने लखनऊ में आयोजित महिला सशक्तिकरण मॉक यूथ पार्लियामेंट में शानदार प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन किया। 12 अप्रैल को इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित इस कार्यक्रम में प्रदेश भर से चयनित 40 प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं ने भाग लिया था।
मॉक यूथ पार्लियामेंट में प्रतिभागियों को सांसद के रूप में अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याएं और विचार रखने का अवसर प्रदान किया गया। इसमें काॅलेज की छात्रा विधि चौहान को दिल्ली की सांसद की भूमिका सौंपी गई। जहां उन्होंने शहरी क्षेत्र की महिलाओं से जुड़े मुद्दों को उठाया।
कार्यक्रम के अंत में सरोजिनी नगर से विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने विधि चौहान सहित सभी प्रतिभागियों को मेमेंटो देकर सम्मानित किया। कॉलेज के प्राचार्य डॉ. राजेश किशोर त्रिपाठी व राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. मनोज यादव सहित कॉलेज के प्राध्यापक डॉ एमपी यादव, डॉ नलिनी शुक्ला, डॉ. एके पांडेय, डॉ. संजीव कुमार व डॉ. आनन्द सिंह ने छात्रा काे बधाई दी।