चकरनगर। बीहड़ क्षेत्र चकरनगर में एक बार फिर तेंदुए की दहशत बढ़ गई है। ब्लाॅक के सिंड़ौस निवासी राहुल सिंह राजावत की ओर से सोशल मीडिया पर साझा किया गया एक वीडियो इस दहशत को बढ़ा रहा है। वीडियो में क्वारी नदी के पुल पर एक तेंदुआ कार के सामने दौड़ता हुआ जंगल की ओर जाता दिखाई दे रहा है। वीडियो के वायरल होने के बाद क्षेत्र में भय का माहौल और गहरा गया है। सदुपुरा गांव के ग्रामीणों ने बताया कि फसल रखवाली के दौरान तेंदुआ आए दिन नजर आता है और रात भर दहाड़ता रहता है।
तेंदुओं की बढ़ती गतिविधियों ने ग्रामीणों के मन में भय पैदा कर दिया है। ये जंगली जानवर कभी सड़कों पर राहगीरों के सामने आ जाते हैं तो कभी खेतों में फसल की रखवाली कर रहे किसानों को दिखाई देते हैं। बीते एक माह से लगातार तेंदुओं की मौजूदगी के कारण पशुपालक और किसान सहमे हुए हैं।
ग्रामीणों के अनुसार, तेंदुए गांवों में घुसकर जमुनापारी बकरियों, गायों और भैंसों पर भी हमला कर रहे हैं। उधर, वीडियो वायरल होने के बाद डिप्टी रेंजर सूर्यकांत शुक्ला ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और सिंड़ौस, जाजेपुरा व विंड़वाखुर्द गांवों में ग्रामीणों को सतर्क रहने के लिए जागरूक किया। चंबल सेंक्चुअरी रेंजर कोटेश कुमार त्यागी ने बताया कि निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं।