भरथना। भरथना-बिधूना मार्ग पर मंगलवार देर शाम को उस समय खलबली मच गई, जब एक दौड़ती ओमनी वैन अचानक आग का गोला बन गई। अज्ञात कारणों के चलते वैन में भीषण आग लग गई और कुछ ही देर में आग की लपटें तेज हो गईं। घटना के दौरान मौके पर वैन चालक नहीं मिला जिससे लोगों में और भी दहशत फैल गई।
सूचना मिलते ही भरथना थाना पुलिस के जवान और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस और फायर टीम ने तुरंत मोर्चा संभालते हुए सूझबूझ के साथ आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार काफी देर तक वैन से आग की लपटें उठती रहीं जिससे आसपास के लोगों में खलबली मच गई।
हालांकि समय रहते आग पर काबू पा लिए जाने से कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ और किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया और वैन चालक की तलाश शुरू कर दी है। फिलहाल आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।