फोटो : 21 - बकेवर थाना पुलिस से घटना के आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर बात करते लोग। संवाद
बकेवर। क्षेत्र में डेढ़ माह पहले जानलेवा हमला करने वाले आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से गुस्साए लोगों ने गुरुवार को थाने के बाहर हंगामा किया। ब्राह्मण महासभा के पदाधिकारियों संग काफी संख्या में पहुंचे लोगों के गेट के बाहर एकत्रित होने से जाम लगने लगा। पुलिस भीड़ को समझा बुझाकर एक गेस्टहाउस ले गई और आश्वासन देकर शांत कराया गया। बकेवर क्षेत्र के ग्राम गोपियापुर निवासी चंद्र मोहन पांडेय के साथ प्लाॅट से निकलने को रास्ता देने को लेकर पिछले माह उनके गांव कुछ लोगों ने लाठी-डंडों और धारदार हथियार से जानलेवा हमला करते हुए घायल किया था। ब्राह्मण महासभा के प्रदेश अध्यक्ष अरुण दुबे ने कहा कि डेढ़ माह बीत जाने के बावजूद आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से परिवार के लोग दहशत में हैं।
थाने के बाहर लोगों की भीड़ से जाम लगता देख सीओ भरथना रामदवन मौर्य भी पहुंचे व गुस्साए लोगों को शांत कराया। थानाध्यक्ष विपिन मलिक ने बताया कि मामला जानलेवा हमले की धाराओं में दर्ज है।
आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास लगातार किए जा रहे हैं। लगातार दबिशें दी जा रही हैं। जल्द ही गिरफ्तारी कर ली जाएगी।