चालू शैक्षिक सत्र में हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट की परीक्षा में शामिल होने वाले संस्थागत एवं व्यक्तिगत परीक्षार्थियों के आवेदन पत्र परिषद की वेबसाइट पर ऑनलाइन अपलोड करने की समय सारणी तय कर ली गई है।
यह जानकारी डीआईओएस डा. देवेंद्र प्रकाश ने दी। उन्होंने बताया कि इसके तहत संस्था के प्रधानाचार्य 20 जुलाई तक छात्र-छात्राओं से परीक्षा शुल्क प्राप्त करेंगे। इस शुल्क को एकमुश्त चालान के माध्यम से 25 जुलाई तक कोषागार में जमा करना होगा।
इसकी सूचना और छात्र-छात्राओं के शैक्षिक विवरणों को परिषद की वेबसाइट यूपीएमएसपी डॉट ईडीयू डॉट आईएन पर 31 जुलाई की रात 12 बजे तक अपलोड किया जा सकेगा। उन्होंने बताया कि 25 जुलाई के बाद 5 अगस्त तक प्रति छात्र सौ रुपया विलंब शुल्क के साथ परीक्षा शुल्क जमा कराना होगा।
इस विलंब शुल्क एवं शैक्षिक विवरण को 10 अगस्त की रात 12 बजे तक वेबसाइट पर अपलोड किया जा सकेगा। 11 अगस्त से 20 अगस्त तक वेबसाइट पर अपलोड किए गए छात्र-छात्राओं के विवरण की चेक लिस्ट प्राप्त कर संस्था प्रधान द्वारा नाम, माता पिता का नाम, जन्मतिथि, विषय, फोटो आदि को भलीभांति जांचा जाएगा।
इस अवधि में वेबसाइट पर किसी भी प्रकार का अपडेशन प्रतिबंधित रहेगा। उन्होंने बताया कि 21 से 31 अगस्त तक संस्था प्रधान अपलोड किए गए स्टूडेंटों के विवरण को दोबारा वेबसाइट पर संशोधित कर सकेंगे। इस अवधि में किसी नए स्टूडेंट का विवरण अपलोड स्वीकार नहीं किया जाएगा, केवल संशोधन ही स्वीकार किए जाएंगे।
डीआईओएस ने बताया कि इस निर्धारित तिथियों में ही व्यक्तिगत परीक्षार्थियों को भी वेबसाइट पर उपलब्ध व्यक्तिगत परीक्षा आवेदन पत्र के प्रारूप को डाउनलोड करना होगा। उसके बाद उसे भरकर अपने शैक्षिक अर्हता के साक्ष्यों समेत परीक्षा शुल्क की नकद धनराशि अग्रसारण केंद्र के प्रधानाचार्य को प्राप्त करानी होगी। तब फिर उपरोक्त निर्धारित अवधि में अग्रसारण अधिकारी यानि प्रधानाचार्य के स्तर से कार्यवाही की जाएगी।