ताखा। क्षेत्र में 30 घंटे से अधिक हुई बेमौसम बारिश से किसानों का भारी नुकसान हुआ है। खेतों में तैयार धान और बाजरे की फसलें बारिश और जलभराव के कारण जमीन पर बिछ गईं। इससे परेशान किसानों ने मुआवजे की मांग को लेकर तहसील मुख्यालय पर एसडीएम विजय प्रकाश मिश्रा को ज्ञापन दिया।
भारतीय किसान यूनियन के तहसील अध्यक्ष देवेंद्र कुमार लालू के नेतृत्व में किसान तहसील पहुंचे। उन्होंने प्रशासन से फसलों के नुकसान का तत्काल सर्वे कराने की मांग की। किसानों ने उचित मुआवजा दिलाने की भी अपील की। विधायक प्रतिनिधि ध्रुव यादव कहा कि बेमौसम बारिश ने किसानों की सालभर की कमाई बर्बाद कर दी है। उन्होंने बताया कि शिवपाल सिंह यादव के निर्देश पर समाजवादी पार्टी किसानों के साथ खड़ी है। प्रशासन को लेखपालों और राजस्व टीमों को खेतों में भेजकर निष्पक्ष सर्वे कराना चाहिए।
ज्ञापन में नगला भगे से सौंथना, मोहरी और ऊसराहार तक जाने वाले मुख्य नाले की सफाई की मांग की गई। सिंचाई विभाग के सहयोग से तत्काल यह कार्य कराने को कहा गया। इससे खेतों में भरे पानी की निकासी हो सकेगी। फसलों को आगे होने वाले नुकसान से बचाया जा सकेगा।