सोनिक (उन्नाव)। आवास विकास मोहल्ले में विवाहिता का शव कमरे में दुपट्टे के फंदे से लटका मिला। पुलिस ने जांच की तो पता चला एक महीने पहले ही उसने प्रेम विवाह किया था। बाबा ने पति, सास, ससुर सहित पांच पर दहेज हत्या की प्राथमिकी दर्ज कराई है।
दही थाना क्षेत्र के आवास विकास मोहल्ला निवासी स्वेच्छा वर्मा (27) ने चार दिसंबर 2025 को मोहल्ले में ही 100 मीटर दूर रहने वाले सूरज सिंह से प्रेम विवाह किया था। स्वेच्छा के भाई हनी सिंह ने बताया कि शादी में 20 लाख रुपये खर्च किए थे। चार जनवरी 2026 को बहन की शादी के एक माह पूरा होने पर रात 9:30 बजे केक देने गया था। केक देकर गेट के बाहर से ही लौट आया था। उस समय तक सब सही था। रात 10:30 बजे बहन से फोन पर बात हुई तब भी उसने कुछ ऐसा नहीं बताया था।
सोमवार की सुबह घर में उसका शव फंदे से लटका होने की सूचना मिली। मायके से लोग पहुंचे तो ससुराल वाले भाग गए थे। सूचना पर दही थाना पुलिस ने जांच की। भाई ने पुलिस को बताया कि बहन को पीटा भी गया है। पीठ पर चोट के निशान हैं। मजिस्ट्रेट ने पंचनामा भरा और पैनल में शामिल जिला अस्पताल के डॉ. फैसल जुबेर, डॉ. निरुपम अवस्थी और सीएचसी सफीपुर की डॉ. रिचा श्रीवास्तव ने वीडियोग्राफी के बीच शव का पोस्टमार्टम किया, रिपोर्ट में हैंगिंग की पुष्टि हुई है।
बताया कि बहन स्वेच्छा तीन भाई-बहनों में सबसे बड़ी थी। मां मंजुला व अन्य परिजन बेहाल हैं। बाबा प्रेम नारायण वर्मा की तहरीर पर पति सूरज सिंह, ससुर रामनरेश, सास मधु, ननद दीपिका और स्वाति पर दहेज हत्या की प्राथमिकी दर्ज की गई है। थानाध्यक्ष ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
सात साल से था प्रेम प्रसंग, जिद पर कर दी शादी
स्वेच्छा का सूरज से करीब सात साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था। पता न होने परिवार वालों ने स्वेच्छा की शादी दूसरी जगह तय कर दी थी लेकिन उसने मना करते हुए सूरज से विवाह करने की जिद की। परिजनों ने समझाया लेकिन न मानने पर वह शादी निरस्त कर उसी तारीख में सूरज सिंह से शादी कर दी थी। स्वेच्छा की मां मंजुला वर्मा ने बताया कि बेटी 31 दिसंबर को घर आई थी। बताया था कि घर वाले पांच लाख रुपये की मांग कर रहे हैं। चार जनवरी को वह घर से रुपये लेकर गई थी, बाद में जेवर की मांग करने लगे लेकिन यह नहीं पता था कि ससुराल वाले समय ही नहीं देंगे और बेटी को मार देंगे। पता यह भी चला है कि पति सूरज जुआ और ऑनलाइन सट्टे का लती है। पुलिस इस बिंदु पर भी जांच कर रही है।
बदरका में तीन दिवसीय चंद्रशेखर आजाद जयंती समारोह आज से
संवाद न्यूज एजेंसी
अचलगंज। अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद की 120वीं जयंती पर छह दिसंबर से होने वाले तीन दिवसीय कार्यक्रम की तैयारियां पूरी हो गई हैं। कार्यक्रम में कई वीआईपी के पहुंचने की संभावना है। सोमवार को जिला सूचना अधिकारी बदरका स्थित स्मारक पहुंचे और तैयारियों का जायजा लिया।
तीन दिवसीय समारोह मंगलवार को बेसिक शिक्षा परिषद द्वारा आजाद बाल मेले का आयोजन किया जाएगा। इसमें विभिन्न स्कूलों के बच्चे कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगे। सरकारी विभागों की विकास प्रदर्शनी का जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक शुभारंभ करेंगे। सात जनवरी को श्रद्धांजलि सभा का आयोजन होगा। आठ जनवरी को पुरस्कार वितरण व कवि सम्मेलन होगा।
ट्रस्ट के मंत्री राजेश शुक्ल ने बताया कि सात जनवरी को शहीद चंद्रशेखर आजाद को श्रद्धांजलि देने के लिए उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह, रजनी तिवारी, राज्य सभा सदस्य अशोक बाजपेई, सांसद व जनपद के सभी विधायकों समेत बड़ी संख्या में समाजसेवियों के आने की संभावना है।
मुबीन और ईशू इलेवन ने हासिल की जीत
क्रिकेट प्रतियोगिता में सोमवार को खेले गए दो लीग मैच
संवाद न्यूज एजेंसी
सफीपुर। मियागंज ब्लॉक के सुब्बाखेड़ा स्थित मैदान में सोमवार को क्रिकेट प्रतियोगिता के लीग मैचों का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता के पहले दिन खेले गए दो लीग मैचों में मुबीन इलेवन और ईशू इलेवन ने शानदार जीत दर्ज की। दोनों टीमों के खिलाड़ियों को उनके बेहतरीन प्रदर्शन के लिए प्रतीक चिह्न देकर सम्मानित किया गया।
प्रतियोगिता का पहला मैच अधिराज इलेवन और ईशू इलेवन के बीच खेला गया। बल्लेबाजी करते हुए अधिराज इलेवन ने निर्धारित आठ ओवर में सात विकेट के नुकसान पर 116 रन बनाए। इसके जवाब में लक्ष्य का पीछा करने उतरी ईशू इलेवन ने मात्र 5.2 ओवर में एक विकेट खोकर जीत हासिल कर ली। ईशू इलेवन की ओर से खेलते हुए अमन ने सर्वाधिक 57 रन बनाए, जिसके लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच के खिताब से नवाजा गया।
दिन का दूसरा लीग मैच मुबीन इलेवन और ईशू इलेवन के बीच आयोजित हुआ। मुबीन इलेवन ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित आठ ओवरों में दो विकेट के नुकसान पर 179 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। टीम के लिए रग्घू और सुमित ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 63-63 रन बनाए।
लक्ष्य का पीछा करते हुए ईशू इलेवन की टीम निर्धारित ओवरों में छह विकेट खोकर केवल 122 रन ही बना सकी। इस प्रकार मुबीन इलेवन ने यह मैच 57 रनों के अंतर से जीत लिया। बल्लेबाज रग्घू को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया। इस अवसर पर आयोजक प्रवीण रावत, राम क्लेश और दिपांशु कनौजिया उपस्थित रहे।