इटावा। शहर में भरथना रोड पर गुरुवार देर रात वाहन की टक्कर से स्कूटी सवार छात्र की मौत हो गई और उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने शुक्रवार को शव का पोस्टमार्टम कराया। बाइक चालक हेलमेट नहीं लगाए था।
शहर के मोहल्ला करमगंज निवासी देवांश मिश्रा (16) पुत्र प्रवीण मिश्रा ने इस वर्ष हाईस्कूल की परीक्षा दी है। गुरुवार शाम वह मोहल्ला निवासी दोस्त शिवम परिहार (16) पुत्र राजीव परिहार के साथ स्कूटी से घूमने निकला था। रात लगभग साढ़े नौ बजे दोनों भरथना चौराहे से घर लौट रहे थे। भरथना चौराहे से थोड़ा आगे किसी वाहन ने स्कूटी में टक्कर मार दी। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजनों ने दोनों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डाक्टर ने देवांश को मृत घोषित कर दिया।
कार ने बाइक में मारी टक्कर, दो भाई गंभीर
इकदिल। मध्यप्रदेश के जिला भिंड जिले के फूप थाना क्षेत्र के गांव भदाकुपुर निवासी शिव कुमार (55), भाई शिव शंकर (48) के साथ बाइक से कानपुर देहात जिले के झींझक के आकारु गांव में साले की अंत्येष्टि में गए थे। लौटते समय दोपहर करीब एक बजे कानपुर-आगरा हाईवे पर मानिकपुर मोड़ के पास उल्टी दिशा से आ रही कार ने बाइक में टक्कर मार दी। बाइक सवार दोनों भाई सड़क पर गिर कर घायल हो गए । हेलमेट लगाए होने से सिर में चोटें नहीं आईं। थाना प्रभारी विष्णुकांत तिवारी मौके पर पहुंचे और दोनों घायलों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया। प्रभारी निरीक्षक ने तहरीर मिलने पर जांच कर कार्रवाई करने की बात कही।