भारत सरकार के सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्री थावरचंद गेहलोत ने जनता परिवार के गठन पर चुटकी ली और कहा कि यह 24 घंटे से ज्यादा नहीं चलेगा। उन्होंने कहा कि विदेश से काला धन लाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। सरकार ने एसआईटी का गठन कर दिया है। ऐसे 627 लोगों के नाम सरकार ने सुप्रीम कोर्ट को सौंप दिए गए हैं।
भाजपा दिल्ली में दो तिहाई बहुमत पाकर सरकार बनाएगी। नामांकन प्रक्रिया तक सभी प्रत्याशियों की घोषणा कर दी जाएगी। फर्रुखाबाद में आयोजित विकलांगजन उपकरण वितरण समारोह में शामिल होने के बाद इटावा के पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस में पत्रकारों से मुखातिब केंद्रीय मंत्री ने कहा कि जाकिर हुसैन ट्रस्ट की जांच सीबीआई कर रही है।
केंद्र सरकार ने ऐसी गड़बड़ी रोकने के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू की है। विभाग कुल बजट का 75 प्रतिशत विकलांगों और निराश्रितों के हितों के लिए खर्चा कर चुका ऐसे लोगों की छात्रवृत्ति के लिए दस प्रतिशत की बढ़ोत्तरी की गई है।
विकलांग मोटर बाइक के लिए सरकार 25 हजार रुपये की सब्सिडी भी दे रही है। नेत्रहीनों को ब्रेल लिपी की पढ़ाई के लिए किताबों की व्यवस्था की गई है। मूक व्यक्ति के लिए संकेत भाषा की पढ़ाई को हॉस्टल में रहने की व्यवस्था की गई है।
यदि कोई जिला छात्रावास के लिए जगह देता है तो वहां ऐसे लोगों के लिए दो सौ बेड का छात्रावास केंद्र सरकार की ओर से बनवाया जाएगा। प्रेसवार्ता के दौरान सरिता भदौरिया, जिलाध्यक्ष गोपाल मोहन शर्मा, केकेराज, विकास भदौरिया, शिव किशोर धनगर, जितेंद्र जैन हैप्पी आदि उपस्थित रहे। इससे पहले सुबह दिल्ली से इटावा शताब्दी एक्सप्रेस से आने पर श्री गेहलोत का भाजपा नेता व कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया।