निवाड़ीकला। निवाड़ीकला-लुधियानी मार्ग पर अनियंत्रित कार बिजली के खंभे में टकरा गई। इससे कार में सवार तीन लोग मामूली रूप से घायल हो गए। खंभा क्षतिग्रस्त होने से कुछ देर के लिए बिजली आपूर्ति भी बाधित रही।
स्थानीय लोगों ने बताया कि दोपहर लगभग साढ़े तीन बजे यह कार निवाड़ीकला से लुधियानी की ओर जा रही थी इस बीच नगला तुला के सामने गोशाला के पास कार अनियंत्रित होकर खंभे से टकरा गई। गनीमत रही कि घटना के समय सामने से कोई वाहन नहीं आ रहा था। हादसे में कार चालक शशिपाल निवासी आशा नंदपुर थाना बसरेहर के साथ ही कार में सवार अंकित और राहुल भी घायल हो गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बिजली का खंभा पूरी तरह जर्जर हो गया।
आसपास खेतों में काम कर रहे किसानों और स्थानीय लोगों ने आनन-फानन में घायलों को कार से बाहर निकाला। इस बीच उरेंग कृषि फीडर की बिजली आपूर्ति बाधित रही। जेई मनोज कुमार गुप्ता ने बताया कि खंभा टूटने की जानकारी मिली थी जिसपर संबंधित कार चालक से जुर्माना वसूला जा रहा है। शनिवार दोपहर तक कृषि फीडर की आपूर्ति बहाल करवा दी जाएगी।