फ्रेंड्स कालोनी के मोहल्ला अजीत नगर में सोमवार को घर के बाहर साइकिल चला रही एक बच्ची को बेकाबू ट्रैक्टर ने रौंद दिया। गंभीर रूप से घायल बच्ची ने अस्पताल पहुंचने से पहले ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद चालक, ट्रैक्टर को छोड़कर फरार हो गया। इसके अलावा अन्य सड़क हादसों में भी तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
लाइन पार के मोहल्ला अजीत नगर निवासी शंभूदयाल की पुत्री खुशी (8) सोमवार की दोपहर गली में साइकिल चला रही थी। इसी बीच तेज रफ्तार बेकाबू ट्रैक्टर ने साइकिल चला रही खुशी को रौंद दिया। घटना के बाद चालक ट्रैक्टर छोड़कर फरार हो गया।
हादसे की जानकारी मिलने पर खुशी के परिजन व मोहल्ले के लोग उसे जिला अस्पताल ले गए, लेकिन रास्तें में ही उसने दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलने पर एसओ फ्रेंड्स कालोनी नासिर हुसैन मय फोर्स के मौके पर पहुंचे और ट्रैक्टर को अपने कब्जे में ले लिया। साथ ही मृतका के शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।