जसवंतनगर थानाक्षेत्र स्थित सहकारी बैंक से ढाई लाख रुपये निकालकर घर जा
रहे किसान को बाइक सवार बदमाशों ने दिनदहाड़े लूट लिया। घटना से पूरे इलाके
में सनसनी फैल गई। किसान के बताए हुलिये व बाइक के रंग के आधार पर पुलिस
लुटेरों के बारे में जानकारी करने में जुटी है।
जसवंतनगर कस्बे के
मोहल्ला अहीर टोला निवासी वीरेंद्र सिंह पुत्र हाकिम सिंह सोमवार को सहकारी
बैंक से पैसे निकालने गए थे। पहले से चुटहिल होने की वजह से वह अपने साथ
मोहल्ले के लज्जाराम को भी ले गए थे। उन्होंने बैंक से ढाई लाख रुपये
निकाले और उसे अंगौछे में बांध लिया।
दोपहर करीब साढे़ 12 बजे वह लज्जाराम
के साथ पैदल ही घर के लिए लौटने लगे। वह मोहल्ला गुलाबबाड़ी में पहुंचे थे
कि लाल पल्सर पर आए दो युवकों ने उन्हें रोक लिया। वह कुछ समझ पाते तभी
लुटेरों ने झपट्टा मारा और अगौछे से बंधा रुपया ले लिया। उन्होंने शोर
मचाया तो आसपास के लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे।
दिनदहाडे़ हुई लूट की
जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। नाकाबंदी कर वाहनों की चेकिंग कराई
लेकिन लुटेरों का कोई सुराग नहीं लगा। लूट का शिकार हुए वीरेंद्र ने बताया
कि उसने उक्त रुपये अपने किसी परिचित को देने के लिए निकाले थे। ऐसा लग
रहा है कि लुटेरे बैंक से ही उनके पीछे से लगे थे लेकिन उन्हें इसका आभास
नहीं हो सका।
जैसे ही सुनसान जगह पर वह पहुंचे तभी लुटेरों ने घटना को
अंजाम दिया। कोतवाल दीपक दुबे ने बताया कि लुटेरों के बारे में सुराग लगाया
जा रहा है। उन्हें शीघ्र ही गिरफ्तार किया जाएगा।