इटावा। जिला अस्पताल से दवा लेकर लौट रहे दो मौसेेरे भाइयों की बाइक की दूसरी बाइक से शनिवार की रात टक्कर हो गई। बाइकों के टकराने से दोनों मौसके भाई सड़क पर गिर गए।
उसी दौरान पीछे से आ रही बेकाबू कार ने एक भाई को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा भाई भी घायल हो गया। पुलिस का कहना है कि शव को पोस्टमार्टम कराया गया है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए था।
फतेहपुर के सुल्तानपुर थाना क्षेत्र के चकनूर उद्दीनपुर निवासी बिंदा प्रसाद का बेटा जयचंद्र पटेल (20) मजदूर था। परिवार में उसकी पत्नी नीतू देवी व तीन माह का बेटा है।
इकदिल निवासी चाचा कोमल ने बताया कि जयचंद्र करीब पांच माह से इकदिल के नगला खादर गांव निवासी अपनी मौसी उमा के घर में रह रहकर क्षेत्र में मजदूरी करता था। शनिवार को बुखार होने के चलते वह अपने मौसेरे भाई विष्णु के साथ रात को जिला अस्पताल दवा लेने गया था।
बाइक विष्णु चला रहा था, जबकि जयचंद्र पीछे बैठा था। दवा लेकर घर लौटते समय सिविल लाइन थाना क्षेत्र के चौधरी पेट्रोल पंप के पास उनकी बाइक में दूसरे बाइक सवार युवक ने टक्कर मार दी, जिससे जयचंद्र और विष्णु सड़क पर गिर गए।
इस दौरान वहां से गुजर रही बेकाबू कार ने जयचंद्र को कुचल दिया, जिससे उसकी मौत हो गई, जबकि मौसेरा भाई विष्णु भी घायल हो गया। इस बीच मौका पाकर दूसरा बाइक सवार भाग गए।
सूचना पर पहुंची पुलिस घायलों को जिला अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों ने जयचंद्र को मृत घोषित कर दिया। थाना प्रभारी जय नारायण सिंह ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है, तहरीर मिलने पर वाहन समेत मालिकों की तलाश की जाएगी।
घायल युवक की चिकित्सा विवि में मौत
इटावा। वैदपुरा थानांतर्गत सोनई नदी पुल पर बुधवार की शाम सड़क हादसे में गंभीर घायल युवक की सैफई चिकित्सा विश्वविद्यालय में उपचार के दौरान तीन दिन बाद शनिवार की शाम मौत हो गई। रविवार को शव का पोस्टमार्टम कराया गया।
ग्राम सोनई निवासी अनूप ने बताया कि उसका 18 वर्षीय भतीजा बिजेंद्र बुधवार की शाम करीब साढ़े पांच बजे ग्राम विजपुरी से सब्जी लेकर साइकिल से गांव सोनई लौट रहा था।
गांव आने से पहले सोनई नदी पुल पर तेज रफ्तार बोलेरो ने टक्कर मार दी, जिससे सिर पर उसके गंभीर चोटें आईं थी। सैफई में इलाज चल रहा था, लेकिन शनिवार की शाम करीब सवा सात बजे बिजेंद्र की मृत्यु हो गई। बिजेंद्र कक्षा 11 का छात्र था।