बसरेहर थाना क्षेत्र के किल्ली सुल्तानपुर गांव में शनिवार दोपहर बाद घरों में हाई वोल्टेज करंट दौड़ गया। स्विच ऑफ करते समय चाचा-भतीजे की मौत हो गई। केबिल टूटकर गिरने से वृद्ध गंभीर रूप से झुलस गया। इस दौरान कई घरों में हजारों रुपये के इलेक्ट्रानिक उपकरण फुंक गए।
किल्ली सुल्तानपुर गांव में शनिवार दोपहर हवा के झोंके से हाईटेंशन तार टूटकर ट्रांसफार्मर पर गिर गया। इससे लोगों के घरों में हाई वोल्टेज करंट दौड़ गया। ग्रामीणों के घरों में टीवी, पंखे, कूलर सहित अन्य इलेक्ट्रानिक उपकरण फुंकने लगे। टीवी से धुआं उठता देख अंकित बाबू (16) पुत्र आदेश कुमार स्विच ऑफ करते समय उससे चिपक गया। दूसरे कमरे में मौजूद उसके चाचा सुदेश कुमार (45) पुत्र सियाराम पंखे का स्विच ऑफ करते समय करंट की चपेट में आ गए। गांव के शंभू खां (60) पुत्र लतीफ खां बरामदे में सोए थे कि हाई वोल्टेज की वजह से केबिल टूट कर उनके ऊपर आ गिरा। इससे वह बुरी तरफ झुलस गए।
गांववाले तीनों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां डाक्टर ने अंकित व सुदेश को मृत बता दिया। शंभू खां को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। करीब दर्जनभर लोगों के पंखे, टीवी, कूलर आदि फुंके हैं। बिजली विभाग के अधीक्षण अभियंता परशुराम सिंह ने बताया कि अधिशासी अभियंता और अवर अभियंता को मौके पर भेजा गया है। जांच के बाद पीड़ित परिवारों को मुआवजा दिलाया जाएगा। पुलिस ने भी अस्पताल पहुंच कर ग्रामीणों से स्थिति की जानकारी ली।