उदी। थाना बढ़पुरा क्षेत्र में शुक्रवार को एक युवक हाईटेंशन बिजली टाॅवर पर चढ़ गया। पुलिस ने करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद युवक को सकुशल नीचे उतार लिया। बताया जा रहा है कि पत्नी के बात न करने से नाराज होकर युवक टावर पर चढ़ा था।
अंशु निवासी गोपीगंज, थाना भरथना की शादी जुलाई 2024 में हुई थी। उसकी ससुराल थाना बढ़पुरा क्षेत्र में है। बताया जा रहा है कि पिछले चार दिनों से उसकी पत्नी से बात नहीं हो रही थी जिससे वह परेशान चल रहा था। शुक्रवार दोपहर करीब डेढ़ बजे अंशु बढ़पुरा पहुंचा और इटावा-ग्वालियर सड़क पर ग्राम कामेत के पास स्थित हाईटेंशन बिजली टॉवर पर चढ़ गया।
युवक को टॉवर पर चढ़ा देख आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवक को समझाने का प्रयास किया। बाद में उसकी पत्नी को मौके पर बुलाया गया। पत्नी के समझाने पर युवक टॉवर से नीचे उतर आया। वहीं, पत्नी ने आरोप लगाया कि युवक उसे परेशान करता है और मारपीट करता है। थाना प्रभारी बढ़पुरा सुधीर सिंह ने बताया कि पत्नी को भी समझाने का प्रयास किया गया था। वहीं, युवक पर शांतिभंग की कार्रवाई की जा रही है।