पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जेल भेजा
संवाद न्यूज एजेंसी
इटावा। भगवान का अड्डा सूत मील के पीछे स्थित मंदिर में चोरी करते हुये दो चोरों को वहां मौजूद लोगों ने रंगे हाथों पकड़कर पुलिस को सौंपा। उनके कब्जे से मंदिर का चोरी किया हुआ सामान भी बरामद हुआ है। पुलिस ने चोरों को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया।
जसवंतनगर थाना क्षेत्र के नगला राठौर निवासी बाबा जगदीश गिरी फ्रेंड्स कॉलोनी इलाके में भगवान का अड्डा सूत मील के पीछे स्थित हनुमान मंदिर में पुजारी हैं। रविवार शाम पुजारी मंदिर में पूजा अर्चना के लिए जा रहे थे। तभी उन्होंने देखा कि दो लोग मंदिर के अंदर से घंटे व पूजा के सभी बर्तन आदि सामान एक बोरी में भर रहे थे।
पुजारी के शोर मचाने पर आस-पास के लोग आ गए। शोर गुल सुनकर दोनों चोर सामान लेकर बाहर को भागे जिनको भीड़ ने घेर कर मंदिर के सामने ही चोरी के सामान सहित पकड़ लिया। पकडे़ गए दोनों चोरों ने अपना नाम निब्बू लाल व किट्टू निवासी कोकपुरा बताया।
दोनों के पास से मिली प्लास्टिक की बोरी में देखा तो उसमें एक पीतल का लोटा, एक तांबे का लोटा, एक पीतल अखंड ज्योति, एक पीतल तसला, एक पीतल आरती, आठ छोटे बड़े पीतल के घंटे मंदिर से चोरी किए हुए मिले। पुजारी व मोहल्ले वाले दोनों चोरों और उनके पास मिले चोरी के सभी सामान को लेकर थाने लेकर पहुंचे। सोमवार को पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर दोनों चोरों को जेल भेज दिया।