इकदिल क्षेत्र में एक पखवारा पहले हाईवे से ट्रक में लदी केबिल चोरी हो गई थी। पुलिस ने केबिल बरामद कर दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया। ट्रक चालक अभी फरार है। चोरी गई केबिल की कीमत 24 लाख रुपये बताई गई थी। एसएसपी ने घटना का खुलासा करते हुए पुलिस टीम को दस हजार रुपये इनाम देने की घोषणा की।
पुलिस लाइन में पत्रकारों से मुखातिब एसएसपी डॉ. राकेश सिंह ने बताया कि सिद्धि विनायक लाजिस्टिक कंपनी गुजरात ने एक ट्रक से लखनऊ के लिए केबिल बुक कराई थी। समय से केबिल न पहुंचने पर कंपनी के अधिकारी ने जीपीएस सिस्टम से ट्रक की लोकेशन ली।
इस पर पता चला कि ट्रक इटावा के पास खड़ा है। बाद में कंपनी की चकेरी कानपुर ब्रांच के प्रबंधक शिवा शिव शुक्ला ने इकदिल थाने में ट्रक में लदे 12 ड्रम केबिल चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई। थानाध्यक्ष दिनेश शर्मा ने घटना का खुलासा करने के लिए एसएसआई ब्रजेश सिंह यादव को लगाया था।
मुखबिर से सूचना मिलने पर पुलिस ने गुड़गांव हरियाणा में छापा मारा। वहां से जानकारी मिलने पर विजय शर्मा पुत्र वेद प्रकाश शर्मा को सेक्टर 16 रोहिणी दिल्ली और अरुण कुमार अरोड़ा पुत्र जिया लाल निवासी 6/12 द्वितीय फ्लोर मोहल्ला महाराम शाहदरा से गिरफ्तार किया गया।
एसएसपी ने बताया कि चालक विनय शर्मा ने साठगांठ कर केबिल को गायब कराने का प्रयास किया। इटावा से केबिल दिल्ली भेजी। इसके बाद हरियाणा पहुंचा दी गई। केबिल की कीमत 24 लाख रुपये थी। इस मौके पर सीओ सिटी सिद्धार्थ वर्मा मौजूद रहे।