फोटो 32: मोहल्ला गिरधारीपुरा में मारपीट की सूचना पर पूछताछ करती पुलिस। संवाद
भरथना। मोहल्ला गिरधारीपुरा में रविवार की शाम फास्ट फूड के ठेले पर चाऊमीन बनवाने का लेकर कहासुनी के बाद दो पक्षों में जमकर मारपीट हो गई। सूचना पर पहुंची डायल 112 पुलिस ने दोनों पक्षों के लोगों से पूछताछ में जुटी है।
जानकारी के अनुसार, मोहल्ला गिरधारीपुरा में सड़क किनारे लगे फास्ट फूड ठेले पर चाउमीन बनवाने के दौरान एक युवक की ऑटो सवार लोगों से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों में गाली-गलौज के साथ मारपीट शुरू हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, विवाद के दौरान युवक ने ऑटो सवार एक व्यक्ति के सिर पर बांट से प्रहार कर दिया। इसके बाद उसके साथियों ने युवक को जबरन ऑटो में बैठाने का प्रयास किया। सरेराह हो रही मारपीट से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना कुछ लोगों ने डायल 112 पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को काबू में कर दोनों पक्षों के लोगों से पूछताछ कर मामले की जांच में जुट गई है। थानाध्यक्ष विक्रम सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।