इटावा। गुरुवार को पक्का तालाब चौराहा के समीप रहने वाले मजदूरों से मारपीट करने में दो सिपाहियों को लाइन हाजिर कर दिया गया जबकि चौकी इंचार्ज का तबादला हो गया। एक सिपाही के खिलाफ मारपीट व अवैध वसूली करने का मामला भी दर्ज किया गया।
पक्का तालाब चौराहा के समीप रहने वाले जलील अहमद व शंकर ने मुहल्ले के लोगों के साथ एसएसपी आवास पर आकर घेराव किया था। उनका आरोप था कि नौरंगाबाद चौकी पर तैनात दो सिपाही आए दिन उनके साथ मारपीट करते हैं। सीओ सिटी ने मौके पर पहुंचकर सिपाहियों के खिलाफ कार्रवाई कराने का आश्वासन दिया था। मामला एसएसपी मंजिल सैनी के संज्ञान में आया तो उन्होंने दोनों सिपाहियों अशोक और कमलेश को लाइन हाजिर कर दिया। साथ ही चौकी इंचार्ज विष्णुदत्त का ट्रांसफर करते हुए उन्हें चौबिया थाने भेज दिया।
इसके अलावा सिपाही अशोक कुमार के खिलाफ जलील अहमद की तहरीर पर कोतवाली में मारपीट व अवैध वसूली का मामला भी दर्ज किया गया है। सीओ सिटी शिवराज सिंह ने बताया कि चौकी इंचार्ज नौरंगाबाद विष्णुदत्त का हटाकर चौबिया भेजा गया है। जबकि दोनों सिपाहियों को लाइन हाजिर कर दिया गया है।