चकरनगर। थाना चकरनगर के कस्बा स्थित दुर्गानगर मोहल्ले में नाली के पानी निकासी के विवाद में गुरुवार दोपहर दो पक्षों में विवाद हो गया। उनके बीच कहासुनी के बाद मारपीट हो गई। इसमें चार महिलाएं व दो पुरुष घायल हो गए।
नाली की निकासी को लेकर पहले भी विवाद चल रहा बताया जा रहा है। गुरुवार को दोनों पक्ष फिर आमने-सामने आ गए। कहासुनी से विवाद शुरू हुआ और फिर मारपीट तक पहुंच गया। प्रथम पक्ष से सुभाष चौहान के परिजन व दूसरे पक्ष से इंद्रपाल सिंह चौहान के बीच कहासुनी हुई। मारपीट में पहले पक्ष से संध्या देवी पत्नी सुभाष चौहान, अर्चना देवी पत्नी सुखदेव सिंह, रानी देवी पुत्री सुखदेव सिंह जबकि दूसरे पक्ष से तेजप्रताप चौहान, अभिषेक,आराध्या घायल हो गए।
सूचना पर पहुंची पुलिस के द्वारा दोनों पक्ष से घायल महिला व पुरुषों का प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चकरनगर पर मेडिकल परीक्षण कराया गया। दोनों ही पक्षों की ओर से तहरीर दी गई है। प्रभारी निरीक्षक बलराम मिश्रा ने बताया कि जांच की जा रही है।