बकेवर। जिला कृषि अधिकारी और सहकारिता विभाग की टीम ने खाद का स्टॉक जांचने के लिए गुरुवार को संयुक्त रूप से छापा मारा। इस दौरान अभिलेखों में गड़बड़ी मिलने पर दो खाद दुकानें निलंबित की गईं। वहीं समिति में स्टॉक कम मिलने पर नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया।
जिला कृषि अधिकारी अभिनंदन सिंह और एआर कोऑपरेटिव सुरेश कुमार सिंह की टीम ने खाद की दुकानों में छापा मारा। इस दौरान खाद का स्टॉक, पॉश मशीन और अभिलेख चेक किए गए। टीम की कार्रवाई की भनक लगते ही कुछ खाद विक्रेता दुकानें बंद करके भाग गए।
जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि सहकारी समिति बकेवर में खाद स्टाक व पॉश मशीन से बिक्री को चेक किया गया तो वहां पर मौजूदा स्टॉक में यूरिया खाद के 10 बैग कम मिले। इस पर समिति के सचिव को नोटिस देकर जवाब मांगा गया है।
इसके अलावा इकदिल की अनीता खाद बीज भंडार पर अभिलेख अपूर्ण मिले। दुकान का बोर्ड नाई की दुकान पर लगा होने पर दुकानदार का खाद बिक्री का लाइसेंस निलंबित कर दिया गया है। बालाजी खाद भंडार में निरीक्षण में खाद का स्टॉक कम मिला, जिसके कारण ये दुकान भी निलंबित कर दी गई।