जसवंतनगर। नगर के मोहल्ला कंजड़ बस्ती में बुधवार सुबह शराब के नशे में दो पक्षों में झगड़े के बाद मारपीट व पथराव शुरू हो गया। लाठी-डंडों, पत्थरों और गुलेल से हुए हमले के कारण रामलीला मार्ग पर जाम की स्थिति बन गई। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए छह महिलाओं समेत 16 लोगों को गिरफ्तार कर लिया जबकि 11 आरोपियों की तलाश जारी है।
थानाध्यक्ष कमल भाटी ने बताया कि फोन पर सूचना मिली थी कि कंजड़ कॉलोनी में दो पक्ष आपस में भिड़कर पथराव कर रहे हैं। एसआई कृष्ण कुमार, शिवशंकर और लालजी पाल पुलिस बल के साथ मौके पहुंचे। दोनों पक्ष एक-दूसरे पर हमला कर रहे थे। पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपियों को काबू में कर 16 लोगों को गिरफ्तार कर लिया।
इसमें ओम बाबू, मनोज, संजय, पिंटू, समीर, सचिन, अजय, कृष्णा, दीपक, सुमित, मधु, सोनम, भारती, पूनम, सुनीता, राखी आदि शामिल हैं। थानाध्यक्ष कमल भाटी ने बताया कि शराब के नशे में दो पक्षों में झगड़े के बाद मारपीट व पथराव हुआ है। इस मामले में कुल 19 नामजद और आठ अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
इसमें 16 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। वहीं, मौके से भागे आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर दबिश दी जा रही है। जल्द ही उन्हें पकड़ लिया जाएगा। घटना के बाद क्षेत्र में पुलिस बल तैनात कर स्थिति पर नजर रखी जा रही है।