-कचहरी परिसर में जुआ खेलने का वीडियो व भरथना में लापरवाही का मामला
संवाद न्यूज एजेंसी
इटावा। कचहरी परिसर में जुआ खेलने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने और शिकायतों के बाद एसएसपी ने दो सिपाहियों को निलंबित कर दिया है।
ऊसराहार थाने में तैनात सिपाही अनिरुद्ध साहू को कचहरी परिसर में जुआ खेलने से जुड़े वायरल वीडियो के मामले में निलंबित किया गया है। वहीं, भरथना कोतवाली में तैनात सिपाही आशुतोष मिश्रा को शिकायतों और कर्तव्यों के प्रति लापरवाही बरतने के आरोप में निलंबित किया गया है। दोनों मामलों में विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है।
बताया जा रहा है कि हाल ही में कचहरी परिसर का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था। वीडियो में कुछ लोग ताश के पत्तों पर रुपये लगाकर जुआ खेलते दिखाई दे रहे थे। वीडियो में पांच से छह लोग तख्त और बेंच पर बैठे नजर आ रहे हैं और उनके सामने 500-500 रुपये के नोट भी दिखाई दे रहे हैं। दावा किया जा रहा है कि वीडियो में कुछ अधिवक्ता, पुलिसकर्मी और अन्य लोग भी शामिल थे। हालांकि, वायरल वीडियो की पुष्टि संवाद न्यूज एजेंसी नहीं करती है। एसएसपी बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया दोनों सिपाहियों को निलंबित कर विभागीय जांच की जा रही है।