ओवरटेक करने में स्कार्पियो व स्विफ्ट कारों में भिड़ंत हो गई। टक्कर लगने के बाद स्कार्पियो खड्ड में जाकर गिर गई। हादसे में दोनों कारों में सवार आठ लोग घायल हो गए। स्विफ्ट कार में हमीरपुर में तैनात जेल अधीक्षक का परिवार सवार था।
कार में सवार एक सिपाही व परिवार के लोगों को भी चोटें आई हैं। मौके पर पहुंची पुलिस ने जेल अधीक्षक के परिवारीजनों को रिम्स भेजा है।
हमीरपुर में जेल अधीक्षक के पद पर एपी राय तैनात हैं। उनके पिता पतिराज राय, पत्नी शैल कुमारी राय, पुत्री श्रद्धा स्विफ्ट कार से सिपाही राजू वर्मा व चालक अरुण पांडे के साथ रिम्स सैफई आए थे। पिता पतिराज को दवा दिलाने के बाद सभी लौट रहे थे।
हाईवे पर कार बकेवर थाना क्षेत्र के गांव आनेपुरा के पास पहुंची तभी ओवरटेक करने में आगे जा रही स्कापियो से भिड़ गई। गाड़ी टकराने के बाद के बाद स्कापियो असंतुलित होकर खड्ड में जा गिरी।
उसमें सवार शैलेंद्र सिंह पुत्र अरुण कुमार, रवि शंकर पुत्र धर्म सिंह, जितेंद्र कुमार पुत्र अशोक कुमार भी घायल हो गए। इसके अलावा स्विफ्ट कार में सवार पतिराज, शैल कुमारी, श्रद्धा, सिपाही राजू वर्मा व चालक अरुण के भी चोटें आई।
हादसे की सूचना मिलने पर बकेवर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस को बुलवाकर स्वफ्टि कार में फंसे लोगों को निकलवा कर उपचार के लिए महेवा भिजवाया। वहां से उन्हें रिम्स के लिए रेफर कर दिया गया। स्कार्पियो में सवार अपने साधन से घायलावस्था में जिला अस्पताल पहुंचे, जहां उनका उपचार किया गया।
पुलिस ने दोनों गाड़ियों को अपने कब्जे में ले लिया है। एसओ बकेवर एके सिंह ने बताया कि घायलों में जेल अधीक्षक हमीरपुर के परिवार के लोग शामिल थे। सभी को सैफई भिजवा दिया गया है।
अलग-अलग सड़क हादसों में चार घायल
इटावा। जिले के अलग-अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसों में चार लोग घायल हो गए। सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पहली घटना इकदिल थाना क्षेत्र के अंतर्गत भरथना रोड पर गैस प्लांट के पास हुई।
जहां तेजी से आ रहे टैम्पो ने एक बाइक में टक्कर मार दी। इस हादसे में बाइक पर सवार रमन पुत्र मान सिंह निवासी कुनैरा व उसकी पत्नी पूनम घायल हो गई। उधर हाइवे पर मानिक पुर मोड के पास कार की चपेट में आने से श्रीकृष्ण पुत्र लोकमान सिंह निवासी अड्डा निहाल घायल हो गए।
तीसरी घटना इकदिल थाना क्षेत्र के गांव सितौरा के पास हुई। जहां बाइक की टक्कर लगने से रामवीर पुत्र लखमी चंद्र निवासी सितौरा घायल हो गए। सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।