इकदिल। हिरनपुर गांव में जमीन विवाद को लेकर मारपीट में हुई महिला की मौत के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। अन्य नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
दस जुलाई को हिरनपुर निवासी रानी देवी की मारपीट में मौत हो गई थी। वारदात के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए थे। मृतका के पुत्र अंशू की तहरीर पर पुलिस ने नंदकिशोर, भूपेंद्र, भूरे उर्फ शेरा, राहुल, नंदकिशोर की बहन, टाइगर उर्फ अभिषेक सिंह समेत सात नामजद और दो अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की थी। पुलिस जांच में सामने आया कि वर्ष 2009 में नंदकिशोर ने रानी देवी के नाम करीब डेढ़ बीघा जमीन का एग्रीमेंट किया था। इसके तीन माह बाद वह पत्नी की हत्या के मामले में जेल चला गया था।
26 मई को रिहा होने के बाद वह दोबारा जमीन पर कब्जा करने का दबाव बना रहा था। इसी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और महिला की मौत हो गई। प्रभारी निरीक्षक विक्रम सिंह चौहान ने बताया कि मंगलवार दोपहर स्टेशन रोड पर घेराबंदी कर भागने की फिराक में खड़े मुख्य आरोपी नंदकिशोर निवासी कोठी और गौरव उर्फ भूरा निवासी मोहल्ला हरिनगर को गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया। अन्य आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।(संवाद)