इटावा। हवाई पट्टी रोड स्थित उधमपुर गांव में एक शादी समारोह के दौरान बधाई की रकम को लेकर किन्नरों और किन्नर भेष में आए युवकों ने जमकर उत्पात मचाया था। विरोध करने पर पीड़ित पक्ष के साथ मारपीट की गई और जान से मारने की धमकी दी गई थी। घटना के करीब ढाई महीने बाद पुलिस ने शनिवार को पीड़ित की तहरीर पर आठ नामजद आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
ग्राम कुइया निवासी रामदास सिंह ने पुलिस को तहरीर दी। इसमें बताया कि 23 नवंबर 2025 की सुबह करीब 10 बजे उनके घर में शादी का समारोह चल रहा था। इसी दौरान एक ओमनी कार से कुछ किन्नर और किन्नर भेष में युवक वहां पहुंचे। उन्होंने बधाई के नाम पर बड़ी धनराशि की मांग शुरू कर दी।
आरोप है कि जब मांग के अनुसार रुपये देने से असमर्थता जताई गई तो उक्त लोग उग्र हो गए और गाली-गलौज करने लगे। देखते ही देखते आरोपियों ने पंडाल में रखा सामान और गहने-कपड़ों का बक्सा खींचना शुरू कर दिया। घर के लोगों ने जब इसका विरोध किया, तो उनके साथ मारपीट की गई।
जान से मारने की धमकी के कारण समारोह में मौजूद मेहमानों और परिजनों में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपी किन्नर बेला रानी, पूजा, काजल, एक अज्ञात किन्नर भेषधारी युवक समेत करन जाटव, विभु यादव, बादशाह और शिवराज सिंह के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है। थाना प्रभारी भूपेंद्र सिंह राठी ने बताया कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है। इस मामले में दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।