इटावा एसएसपी के रूप में चार्ज ग्रहण करते एसएसपी एन कोलांचि।
- फोटो : अमर उजाला
आगरा जीआरपी से स्थानांतरित होकर आए एन कोलांचि ने सोमवार को जिले के एसएसपी का चार्ज ग्रहण कर लिया। कार्यालय पहुंचने पर उन्हें गार्ड आफ आनर दिया गया। उन्होंने स्टाफ से परिचय प्राप्त किया। कहा कि इस क्षेत्र में लूट की वारदातें ज्यादा होती हैं। इन्हें रोकने का पूरा प्रयास करेंगे।
तमिलनाडु के चेन्नई के पास स्थित विलुपुरम जिला निवासी एन कोलांचि 2008 में भारतीय पुलिस सेवा में भर्ती हुए थे। उन्हें यूपी कैडर मिला था। पुलिस सेवा में आने के बाद उनकी पहली पोस्टिंग वाराणसी में एएसपी के पद पर हुई थी। उसके बाद वह कासगंज, सिद्धार्थनगर पीलीभीत और जालौन में एसपी के पद पर काम कर चुके हैं। वह अलीगढ़ और बरेली पीएसी में सेनानायक के पद भी रहे। अभी जीआरपी आगरा में एसपी के पद पर थे।
पत्रकारों से वार्ता में उन्होंने कहा कि जनता को न्याय दिलाना उनकी प्राथमिकता है। महिलाओं और बच्चों पर होने वाले अत्याचार रोकने का वह पूरा प्रयास करेंगे। सभी के साथ मिलकर अपराध पर रोक लगाने का प्रयास करेंगे। शहर में 19 जून को कार में मिले प्रेमी युगल के शवों के बारे में वह जानकारी करेंगे। इस घटना में जो भी दोषी होगा उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इस अवसर पर एएसपी राम किशन यादव, एएसपी क्राइम महात्मा प्रसाद, सीओ चकरनगर कृष्ण कुमार, सीओ जसवंतनगर चंद्रदेव यादव, सीओ सिटी शिवराज सिंह, पीआरओ राधा मोहन द्विवेदी मौजूद रहे।