इकदिल थाना क्षेत्र अंतर्गत हाईवे पर पिलखर गांव के पास एक ट्रक ने बाइक सवार दो युवकों को रौंद दिया। हादसे में एक युवक की मौत हो गई। हेलमेट न लगाने के कारण उसके सिर में चोट आई थी। दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना से गुस्साए मृतक के परिजनों ने लोगों के साथ मुआवजे की मांग कर हाईवे जाम कर दिया। पुलिस ने उन्हें बमुश्किल समझाया। इस दौरान आधे घंटे तक यातायात बाधित रहा।
क्षेत्र के गांव पिलखर निवासी रोहित गोयल उर्फ निखिल (18) पुत्र अशोक कुमार गोयल अपने साथी सनोज कुमार पुत्र राम लाल कठेरिया के साथ बाइक से किसी काम से मानिकपुर मोड़ गया था। घर लौटते समय गांव के मोड़ के पास ट्रक ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। रोहित ट्रक के पहियों के नीचे आ गया। जिससे उसके सिर में गंभीर चोट आ गई और मौके पर ही मौत हो गई। जबकि सनोज गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे की जानकारी मिलने पर परिजन व गांव के लोग मौके पर पहुंचे और उन्होंने हाईवे पर जाम लगा दिया। एसओ इकदिल हरिश्चंद्र मिश्रा वहां पहुंचे। उन्होंने लोगाें को कार्रवाई का आश्वासन दिया। पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।