जसवंतनगर (इटावा)। इटावा-आगरा हाईवे पर जसवंतनगर थाना क्षेत्र में चालक को झपकी आने से भूसा ट्रक डिवाइडर से टकरा गया। हादसे में हेल्पर की मौत हो गई और चालक घायल हो गया। उसे जसवंतनगर सीएचसी में भर्ती कराया गया है। हादसे के कारण कुछ देर तक हाईवे पर यातायात बाधित रहा।
बिहार प्रदेश के मधुबनी जिले के गोड़िया थाना क्षेत्र के शतरुपट्टी निवासी मोहम्मद इम्तियाज (21) ट्रक चलाता है। साला फैजुर्रहमान (18) पुत्र अतीक उर्रहमान ट्रक में हेल्पर था। दोनों ट्रक में औरंगाबाद से भूसा लेकर मेरठ जा रहे थे। मंगलवार सुबह करीब छह बजे इटावा-आगरा मार्ग पर राहुल कोल्ड स्टोरेज के पास चालक को झपकी आग गई। इससे ट्रक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गया। चालक व हेल्पर दोनों ट्रक में फंस गए। ग्रामीणों व राहगीरों ने दोनों को निकालकर पुलिस को सूचना दी। पुलिस दोनों को सीएचसी जसवंतनगर भेजा, जहां डॉक्टर ने फैजुर्रहमान को मृत घोषित कर दिया। हादसे के कारण हाईवे पर आगरा की ओर जाने वाली लेन पर कुछ देर यातायात बाधित रहा। पुलिस ने ट्रक को हटवाकर यातायात सुचारु कराया।