इटावा। ठगी से परेशान होकर शनिवार को एक युवक ने फांसी लगाकर जान दे दी। उसका शव दुकान के अंदर मफलर के फंदे से लटका मिला। वहीं युवक की मौत की मौत की सूचना पर कोहराम घर में कोहराम मच गया।
युवक के जान देने की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फ्रेंड्स कालोनी थाना क्षेत्र के लक्ष्मण कालोनी में रहने वाले सुरेंद्र सिंह शाक्य मूल रूप से कर्री पुलिया त्रिलोकपुर चौबिया के रहने वाले हैं।
उनके दो पुत्र हैं, जिसमें छोटा बेटा गौरव (19) घर के पास ही परचून की दुकान चलाता था, जबकि बड़ा बेटा शिवम बिजली मिस्त्री का काम करता है। शनिवार की शाम छोटे पुत्र गौरव ने दुकान के अंदर फांसी लगाकर जान दे दी।
घटना की जानकारी परिजनों को देर रात तब हुई जब उसका बड़ा भाई शिवम उसे बुलाने दुकान पर पहुंचा ,तो शटर अंदर से बंद मिला, लेकिन ताले नहीं पड़े थे।
शिवम ने बताया कि जब उसने शटर खोला तो गौरव को दुकान के भीतर मफलर के सहारे फांसी के फंदे से लटका पाया। आनन-फानन पुलिस को घटना की सूचना देकर परिजन गौरव को फंदे से उतारकर जिला अस्पताल ले गए।
जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जिसके बाद रविवार को फ्रेंड्स कालोनी पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। शिवम ने बताया कि गौरव कुछ महीनों से 20 हजार रुपये की साइबर ठगी हो जाने से परेशान था।
इसके लिए उसने कई मर्तबा उसे समझाया भी था। इसके अलावा किसी प्रकार की कोई परेशानी उसे नहीं थी। इधर जवान बेटे की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। मां समेत परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।