बसरेहर कस्बा में फुटपाथ पर दुकान का सामान रखे दुकानदार को चेतावनी देते थाना प्रभारी मुकेश बाबू च?
- फोटो : ETAWHA
बसरेहर। कस्बा में फुटपाथ घेरकर दुकानदारी करने वालों पर पुलिस ने कार्रवाई की है। शुक्रवार की शाम थाना प्रभारी निरीक्षक पुलिस बल ने ऐसे 50 दुकानदारों के चालान काटे और फुटपाथ पर रखा सामान हटवाया। उन्होंने सख्त चेतावनी दी कि फुटपाथ दोबारा घिरे नजर न आएं। अन्यथा उन्हें जेल भेजा जाएगा।
इटावा-बरेली हाईवे बसरेहर कस्बा से होकर गुजरा है। हाईवे के करीब दो किमी हिस्से में हर रोज लोगों को जाम से जूझना पड़ता है। करीब 30 फीट चौड़े इस मार्ग पर टेंपो व अन्य वाहन खड़े रहते हैं। फुटपाथ पर दुकानदार अपना सामान रख लेते हैं। कंकरीट से बना यह हिस्सा कई जगह से उखड़ भी चुका है।
इन हालात में मार्ग पर आए दिन हादसे हो रहे हैं। पांच दिन पूर्व अतिक्रमण व गड्ढों की वजह से स्कूटी सवार नेपाली युवक पासंक की मौत हो गई थी। उसकी स्कूटी पानी भरे गड्ढे में जाकर फिसल गई। पासंक जमीन पर गिरा। सामने से आए ट्रक ने उसे कुचल दिया। मार्ग पर जाम की वजह से कई बार एंबुलेंस फंसी रही। परेशानी से बचने के लिए वाहन सवार लोग रास्ता बदलकर निकलने को मजबूर हैं।
इन्हीं सब वजहों के चलते शुक्रवार देर शाम को बसरेहर थाना प्रभारी मुकेश बाबू चौहान पुलिस बल के साथ बाजार पहुंचे और जो दुकानदार फुटपाथ पर सामान रखे मिले। उनके चालान काटे। पुलिस ने फुटपाथ पर रखे सामान को हटवाया। साथ ही दुकानदारों को चेतावनी दी कि अब दुकान सामान नाली के बाहर दिखा तो ऐसे दुकानदारों पर कार्रवाई करते हुए जेल भेजा जाएगा। पुलिस की इस कार्रवाई से फुटपाथ खाली हो गए।