प्रदेश सरकार ने शासन संभालते ही संस्थान के लिए ट्रामा एवं बर्न सेंटर की स्वीकृति प्रदान किया। यह दोनों भवन जुलाई तक जनता को अपनी सेवाएं देने लगेंगे। यह कहना है मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का। वह गुरुवार को सैफई पंडाल में उत्तर प्रदेश ग्रामीण आयुर्विज्ञान एवं अनुसंधान संस्थान के पैरामेडिकल विज्ञान महाविद्यालय के लिए सुपर स्पेशलिटी भवन समेत विभिन्न योजनाओं के शिलान्यास करने पहुंचे थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इन दोनों भवनों का शिलान्यास नेताजी (मुलायम सिंह यादव) ने किया था। उनकी मंशा के अनुरूप इन दोनों भवनों से जनता को सेवाएं मिलेंगी। उन्होंने कहा कि संस्थान की जरूरतों को देखते हुए प्रमुख रूप से 500 बेडेड सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल, मेडिकल स्टूडेंट्स के लिए 300 बेड हॉस्टल, पैरामेडिकल विज्ञान महाविद्यालय के लिए आवास, अतिथि गृह, सामुदायिक केंद्र, केंद्रीय पुस्तकालय तथा संस्थान के मरीजों व स्टाफ के लिए कैफेटेरिया आदि का शिलान्यास किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन महत्वपूर्ण योजनाओं के लिए प्रदेश सरकार ने जरूरत के अनुसार बजट स्वीकृत किया है। यदि जरूरत पड़ी तो अतिरिक्त सहयोग भी प्रदान किया जाएगा।