चकरनगर। तहसील क्षेत्र के हनुमंतपुर कस्बा में संचालित इटावा जिला सहकारी बैंक में बीते एक सप्ताह से नेटवर्क की समस्या बनी हुई है। इसके चलते किसानों और ग्रामीणों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। दूर-दराज के गांवों से लोग 30 से 40 किलोमीटर की दूरी तय कर बैंक पहुंचते हैं, लेकिन काम न होने पर मायूस होकर लौट जाते हैं।
गुरुवार को दो किसान तहसील पहुंचे और एसडीएम ब्रम्हानंद कठेरिया से शिकायत दर्ज कराई। एसडीएम ने मामले को गंभीरता से लेते हुए दो दिन के भीतर समस्या का समाधान कराने का आश्वासन दिया। उन्होंने बैंक प्रबंधन और संबंधित तकनीकी टीम से तत्काल समन्वय कर वैकल्पिक व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए। स्थानीय लोगों का कहना है कि नेटवर्क बाधित रहने की सूचना पहले से थी, फिर भी कोई सूचना बोर्ड या वैकल्पिक काउंटर की व्यवस्था नहीं की गई। इससे भीड़ और नाराजगी बढ़ रही है। किसानों ने मांग की है कि जब तक नेटवर्क दुरुस्त न हो, तब तक ऑफलाइन या नजदीकी शाखा में अस्थायी व्यवस्था की जाए।
. टिटावली निवासी किसान लव कुश ने बताया 15 किलोमीटर दूर घर से तीन दिन में दूसरी बार बैंक आए है। किराया और समय दोनों खर्च हो गए, लेकिन नेटवर्क न होने से पैसा नहीं निकल सका।
. सहसों निवासी राम बहादुर सिंह ने बताया पेंशन का पता नहीं चल रहा है बैंक आता हूं तो नेटवर्क न आने से लौटा दिया जाता है। आज फिर भी खाली हाथ लौटना पड़ा।
बीते कुछ दिनों से नेटवर्क समस्या है। इंजीनियर आ गए है काम चल रहा है जल्द समाधान हो जायेगा।
सुरजीत कुमार, बैंक मैनेजर
दो किसानों ने मौखिक शिकायत की है। बैंक के अधिकारियों को बता दिया गया है। उन्होंने केबल में कमी आने की जानकारी दी है। जल्द समाधान के निर्देश दिए गए है।
ब्रह्मानंद कठेरिया, एसडीएम