भरथना। कोरोना काल के बाद से भरथना रेलवे स्टेशन पर बंद किए गए ट्रेनों के ठहराव को पुनः शुरू कराने की मांग को लेकर कस्बे के लोगों ने रविवार शाम रेलवे महाप्रबंधक के नाम ज्ञापन स्टेशन मास्टर रमनदीप को सौंपा।
ज्ञापन में मांग करते हुए कहा गया कि लंबे समय से क्षेत्र की जनता बंद किए गए ट्रेनों के ठहराव को पुनः शुरू कराने की मांग कर रही है लेकिन अभी तक इस दिशा में कोई निर्णय नहीं लिया गया है। टाटानगर-जम्मूतवी मुरी एक्सप्रेस, सुबेदारगंज-देहरादून लिंक एक्सप्रेस, पुरानी दिल्ली-अलीपुरद्वार महानंदा एक्सप्रेस व सुबेदारगंज-मेरठ सिटी संगम एक्सप्रेस का भरथना स्टेशन पर पुनः ठहराव किया जाए।
ज्ञापन में कहा गया कि इन ट्रेनों के ठहराव बंद होने से भरथना विधानसभा क्षेत्र की करीब पांच लाख आबादी को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। यात्रियों को अन्य स्टेशनों से ट्रेन पकड़ने के लिए अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ती है। देवाशीष चौहान, शशांक त्रिपाठी, संजीव श्रीवास्तव, ऋषभ गुप्ता, ज्योति प्रकाश गुप्ता, संदीप शर्मा, भुवनेश कुमार, दीपक मिश्रा, चंदन शर्मा, विपिन पोरवाल आदि मौजूद रहे।