इटावा। तेल कारोबारी के गोदाम में पड़े खाद्य विभाग के छापे का मामला तूल पकड़ रहा है। कारोबारी गौरव अग्रवाल के समर्थन कई व्यापारी संगठन उतर आए हैं। व्यापारियों ने शुक्रवार को सदर विधायक सरिता भदौरिया से मिलकर कारोबारी बेवजह परेशान किए जाने की बात कही है। व्यापारियों का कहना है कि विभाग की टीम कारोबारी का उत्पीड़न कर रही है। विधायक से मिलने वालों में व्यापार मंडल अध्यक्ष अनंत अग्रवाल, अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के धर्मेंद्र जैन, सदाशिव श्रीवास्तव व भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ के आलोक गुप्ता आदि रहे।
वहीं, दूसरी ओर, उप्र उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल ने सिटी मजिस्ट्रेट राजेंद्र बहादुर को मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपा। प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष डॉ. एके शर्मा ने ज्ञापन देकर बताया कि व्यापारी गौरव अग्रवाल तेल का थोक कारोबार करते हैं। उनकी दुकान से 44 बार नमूने भरे गए जबकि सील पैक माल में उनका कोई दोष नहीं था। जिला अभिहित अधिकारी पर अवैध वसूली और मासिक बंधोरी के लिए दबाव बनाने का आरोप है।
जिला अध्यक्ष संतोष सिंह चौहान ने सभी व्यापारियों को खाद्य विभाग से सुरक्षा देने की मांग की। जिला वरिष्ठ महामंत्री हरि गोपाल शुक्ला ने ऊसराहार मामले की कार्रवाई पत्रावली लखनऊ तलब करने की मांग की। जिला अध्यक्ष अजय गुप्ता ने व जसवंत नगर अध्यक्ष सुभाष गुप्ता ने धमकी देने वाले अधिकारी पर मामला दर्ज करने की मांग की।