भरथना। कोतवाली क्षेत्र के आजाद रोड स्थित ज्वैलर्स ने सोमवार को टप्पेबाजी करते समय महिला को पकड़ लिया। आरोप है कि महिला सोने की नकली चूड़ियां देकर जल्दी भुगतान की बात कह रही थी।
आजाद रोड चौधरी मार्केट में ओमप्रकाश की ज्वैलर्स की दुकान है। उन्होंने बताया कि सोमवार सुबह एक महिला दुकान में आई और चार चूड़ियों को सोने की बताकर उससे जल्दी रुपये देने की बात कहने लगी।
उन्हें शक हुआ, तो उन्होंने बेटे अवधेश को मामले की जानकारी दी। इस बीच नाती यश कुमार दुकान में आ गया। तो उन्होंने उसे चूड़ियों की जांच करने को कहा, जांच में चूड़ियां नकली निकली।
तब उन्होंने मामले की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने महिला व उसके एक पुरुष साथी को पकड़ लिया। सराफा व्यापारी अवधेश वर्मा ने बताया कि पिता की सतर्कता के चलते टप्पेबाजी बच गई।
वही, हनुमान गली स्थित ज्वैलर्स सुरेश वर्मा के बेटे राघव वर्मा ने बताया कि महिला उनकी दुकान में भी आई थी, उसके मना करने पर चली गई थी। कोतवाली प्रभारी बचन सिंह सिरोही ने बताया कि महिला व उसके पुरुष साथी से पूछताछ की जा रही है।