बकेवर थाना क्षेत्र के अंतर्गत हाईवे पर महेवा के पास आलू लादकर जा रहे एक ट्रैक्टर को ट्रक ने पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर लगने से ट्रैक्टर असंतुलित होकर खड्ड में जा गिरा। इस हादसे में ट्रैक्टर चालक व एक अन्य युवक की मौत हो गई, जबकि एक किसान गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद चालक ट्रक छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने शवों को बाहर निकाला और घायल को जिला अस्पताल भिजवाया। औरैया जिले के सहायल थाना क्षेत्र के गांव अमानपुर निवासी श्याम सिंह (37) पुत्र राम बहादुर गांव सारी निवासी प्रमोद चक के ट्रैक्टर का चालक था।
रविवार को वह ट्रैक्टर पर गांव के ही सुनील उर्फ बड़े का आलू का बीज लादने के लिए सिरसागंज गया था। उसके साथ गांव जोतपुर थाना रसूलाबाद निवासी राजा पुत्र बुद्धु सिंह भी था। तीनों लोग सिरसागंज से आलू का बीज लादकर शाम को गांव के लिए रवाना हो गए।
रात करीब तीन बजे ट्रैक्टर बकेवर थाना क्षेत्र के महेवा के पास पहुंचा तभी तेजी से आ रहे ट्रक ने पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर लगने से ट्रैक्टर असंतुलित होकर खड्ड में जा गिरा। ट्रैक्टर के खड्ड में गिरने से श्याम सिंह व राजा ट्रैक्टर के नीचे दब गए। जबकि ट्रैक्टर की ट्राली पर सवार सुनील उर्फ बड़े पुत्र देशराज उछलकर दूर खेत में जा गिरा।
हादसे में श्याम सिंह व राजा की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि बड़े गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर बकेवर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और उसने ट्रैक्टर में दबे लोगों को बाहर निकाला लेकिन तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी। पुलिस ने बड़े को उपचार के लिए जिला अस्पताल भिजवाया। सूचना मिलने पर परिजन भी मौके पर पहुंच गए। घटना के बाद चालक ट्रक छोड़कर फरार हो गया।