कोतवाली के रामलीला रोड पर शिवम टाकीज के पास पिता के साथ बाइक से जा रहे किशोर को बेकाबू ट्रैक्टर ने रौंद दिया। इस हादसे में किशोर की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि बाइक पर सवार पिता को मामूली चोर्टें आइं।
घटना के बाद चालक फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। फोटो जर्नलिस्ट दिलीप सिंह उर्फ छोटू गुरुवार की दोपहर बाइक से किसी काम से छोटे पुत्र अनमोल (13) के साथ रामलीला रोड गए थे।
काम निपटाने के बाद वह वापस लौट रहे रहे थे, तभी शिवम टाकीज के पास सामने से आ रहा तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगने से बाइक पर पीछे बैठा अनमोल उछल कर ट्रैक्टर के पहिए के नीचे आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
जबकि दिलीप सिंह दूसरी ओर बाइक समेत जा गिरे। घटना के बाद आसपास के लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे। इसी बीच चकमा देकर चालक ट्रैक्टर छोड़कर फरार हो गया। घटना की सूचना मिलने पर सीओ सिटी शिवराज सिंह, शहर कोतवाल विनोद यादव के अलावा अन्य पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिये भेजा। घटना की जानकारी मिलने पर काफी संख्या में पत्रकार और फोटो जर्नलिस्ट मौके पर पहुंचे और बालक के निधन पर शोक जताया व परिजनों को सांत्वना दी।