निबाड़ीकला (ब्यूरो)। कल से किसानों को बिना आधार कार्ड के खाद नहीं मिल सकेगी। शासन ने खाद की दुकानों पर पॉस (प्वाइंट ऑन सेल) मशीनें लगाना अनिवार्य कर दिया है । मशीन में अपना आधार नंबर डालकर किसान का अंगूठा लगवाया जाएगा। उसके बाद ही खाद मिल सकेगी।
खाद की कालाबाजारी को रोकने के लिए शासन ने प्रत्येक खाद की दुकानों पर पॉस मशीन को लगाना जरूरी कर दिया है। इस मशीन के लगने से खाद की मात्रा और पैसे की पर्ची निकलेगी। पर्ची के मिलने से एक ओर विक्रेता किसानों से निर्धारित मूल्य से अधिक नहीं ले पाएगा। वहीं दूसरी ओर कालाबाजारी पर भी अंकुश लगेगा। इस नियम के लागू होने से किसानों को खाद के लिये अधिक मूल्य देने की अवश्यकता नहीं होगी ।
जिला कृषि अधिकारी डॉ. गौरव यादव ने बताया कि 1 जनवरी 2018 से यह व्यवस्था लागू हो रही है। जिस दुकान पर पॉस मशीन नहीं होगी। उनका लाइसेंस रद्द कर दिया जाएगा। वहीं इस मशीन की सहायता से किसानों को लाभ होगा। खाद की कालाबाजारी रुकेगी। खाद के मूल्यों में भी परिवर्तन देखने को नहीं मिलेगा ।