गोमती एक्सप्रेस से बिना टिकट उतरी महिला चेकिंग के दौरान डिप्टी सीटीआई से भिड़ गई। दोनों के बीच जमकर मारपीट हुई। जीआरपी थाने में पहले दोनों ने तहरीर दी फिर समझौता कर लिया।
गोमती एक्सप्रेस के आने पर डिप्टी सीटीआई आरती रेलवे स्टेशन गेट पर खड़े होकर यात्रियों के टिकट चेक कर रही थीं। इसी बीच गेट से निकल रही एक महिला को उन्होंने टिकट दिखाने के लिए कहा। महिला के पास टिकट न मिलने पर उन्होंने जुर्माना देने की बात कही।
इस पर दिबियापुर निवासी महिला यात्री संजू गौतम डिप्टी सीटीआई से भिड़ गई। दोनों के बीच जमकर हाथापाई हुई। मारपीट की खबर पर रेलवे कर्मियों के साथ जीआरपी व आरपीएफ के जवान मौके पर पहुंचे। मारपीट के बाद संजू गौतम तथा डिप्टी सीटीआई आरती जीआरपी थाने पहुंचीं।
दोनों की ओर से जीआरपी पुलिस को लिखित तहरीर दी गई। करीब एक घंटे जीआरपी थाना में हाईवोल्टेज ड्रामा चला।
बाद में दोनों पक्षों ने समझौता कर लिया। संजू गौतम का कहना था कि उसके बेटे की तबियत खराब है। वह बेटे को दिखाने शहर के एक डाक्टर के यहां जा रही थी। फफूंद से वह ट्रेन में सवार हुई थीं, रास्ते में उनका टिकट कहीं गिर गया था।