शनिवार शाम आई आंधी और हल्की बूंदाबांदी से मौसम में कुछ नर्मी आई और तापमान में भी गिरावट हुई। लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिली। वहीं आंधी से ही शहर की विद्युत व्यवस्था लड़खड़ा गई और पेड़ टूटने से कई क्षेत्रों में बिजली गुल हो गई।
शनिवार दिन भर तेज धूप और अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस के बीच जहां लोग उबलते रहे तो वहीं शाम अचानक मौसम में बदलाव के साथ आंधी आ गई। वैसे तो आंधी बस कुछ मिनटों के लिए ही चली लेकिन इस बीच कई स्थानों पर पेड़ की डालियों के टूटने से विद्युत तार टूट गए और शहर के कई क्षेत्रों की विद्युत सप्लाई गड़बड़ा गई। आंधी से शहर के अंबेडकर चौराहा स्थित सीओ आवास के पास स्थित एक पेड़ की मोटी डाली टूटकर विद्युत तारों पर गिर गई। जिससे मोहल्ला चौगुर्जी, स्टेशन बजरिया, शास्त्री चौराहा व अंबेडकर चौराहे के आसपास के क्षेत्र की विद्युत सप्लाई देर शाम तक बाधित रही। यही हाल शहर के मोहल्ला करनपुरा में भी रहा और आंधी के बाद काफी देर तक बिजली नहीं आई। एसडीओ आशुतोष वर्मा ने बताया कि डालियाें को हटाकर जल्द शहर की विद्युत व्यवस्था को बहाल करने में विभागीय टीम लगी है। वहीं दूसरी और आंधी के साथ हल्की फुल्की बूंदा बूंदा होने से कुछ देर के लिए मौसम सुहाना हो गया। मौसम के इस बदलाव के बाद शाम तापमान गिरकर 36 डिग्री सेल्सियस पर आ पहुंचा।