बकेवर। साइबर ठगों ने ऑनलाइन कार बेचने के नाम पर लखना रोड के युवक से 1.40 लाख रुपये की ठगी कर ली। ठग का नंबर बंद आने पर युवक ने बकेवर थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई।
बकेवर थानाक्षेत्र में लखना रोड विद्याविहार निवासी हिमांशु दीक्षित पुत्र स्वर्गीय सत्यप्रकाश ने बताया कि ऑनसाइन सेलिंग वेबसाइड पर लग्जरी कार देखी, जिसकी कीमत बजट के हिसाब से थी। कार के नीचे दिए गए नंबर पर कॉल की। बात होने के बाद कॉलर ने मोबाइल पर कार की फोटो भेजी। कार पसंद आने पर सौदा तय हुआ था। हिमांशु ने कॉलर द्वारा बताए गए अकाउंट में 1,40,000 रुपये ट्रांसफर कर दिए। रुपये ट्रांसफर होने पर जब कार की डिलीवरी नहीं हुई तो कॉलर को कॉल की।
उसने पहले फोन नहीं उठाया और इसके बाद उसका मोबाइल बंद बताने लगा, जिससे ऑनलाइन ठगी का अहसास हुआ। पीड़ित ने बकेवर थाना में सुरेंद्र पुत्र संतोष निवासी अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। बकेवर थानाप्रभारी अंजन कुमार सिंह ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मोबाइल नंबर व बैंक अकाउंट की डिटेल निकलवाकर ठग की तलाश की जाएगी।